
देशभर में रंगों का त्योहार होली धूमधाम से मनाया जा रहा है। हर ओर उमंग, उत्साह और खुशियों का माहौल व्याप्त है। इसी कड़ी में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राष्ट्रवासियों को होली की बधाई संदेश दिए हैं।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘रंगों और मोहब्बत के पर्व होली की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। होली के रंग आपके जीवन को नई आशाओं, नए उमंग और अनगिनत खुशियों से भर दें।’
प्रियंका गांधी ने अपने संदेश में कहा, ‘उमंग, उत्साह, उल्लास, मिठास एवं बंधुत्व के रंगों से भरे इस महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। यह परिवार, मित्रों और समाज के साथ प्रेम से गले लगाने का अवसर है। सभी को गले लगाएं, खुशियां बांटें। सभी देशवासियों की होली शुभ हो।’
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा, ‘होली हमारी बहुरंगी, बहुसांस्कृतिक समाज की आत्मा का प्रतीक है। यह विविधता में एकता, सद्भाव और भाईचारे की परंपरा का उत्सव है। इस उल्लासपूर्ण पर्व पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। आपका जीवन सदा खुशियों से रंगीन रहे।’
आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘यह रंगों भरा त्योहार आपके जीवन में खुशियां, प्रेम व नई ऊर्जा लाए। जीवन सुख, शांति व समृद्धि से भर जाए।’ समाजवादी पार्टी के शिवपाल सिंह यादव ने भी बधाई दी।
होली न केवल रंगों का त्योहार है, बल्कि प्रेम, एकता और नए संकल्पों का संदेश देने वाला पावन पर्व है।