
भोपाल। मध्य प्रदेश में होली का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। राजनीतिक दलों से लेकर सड़क-गलियों तक रंग-गुलाल की बरसात हो रही है। सोमवार शाम को होलिका दहन हुआ था, लेकिन मंगलवार को चंद्र ग्रहण के कारण रंग वाली होली बुधवार को खेली जा रही है।
राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव के निवास पर फूलों भरी होली का आयोजन किया गया। मंत्रियों, भाजपा नेताओं और अधिकारियों ने पहुंचकर जमकर रंगारंगी मस्ती की। होली के गीतों पर थिरकते हुए सबने एक-दूसरे पर फूल और गुलाल लगाए।
मुख्यमंत्री ने सभी को होली की बधाई दी और प्रदेश की उन्नति व जन-कल्याण की कामना की। फूलों की वर्षा के बीच सीएम ने भी मेहमानों पर पुष्प बरसाए। वहीं, विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने समर्थकों संग उत्सव मनाया। उन्होंने कहा, ‘यह होली आपके जीवन को खुशियों से रंग दे, हर घर में सुख-शांति बनी रहे।’
राज्य भर में होली की रौनक छाई हुई है। हुरियार टोलियां घूम-घूमकर लोगों को रंगों से सराबोर कर रही हैं। गीत-संगीत की धुन पर नाच-गाना हो रहा है, अबीर उड़ रहा है। यह पर्व सबको एकजुट कर रहा है।