
मुंबई। होली के रंगों में रंगा वडाला इलाका मंगलवार शाम एक छोटे से विवाद के बाद खून से लाल हो गया। 22 वर्षीय तुषार उज्जैनवाला को चार युवकों ने कथित रूप से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने बुधवार को सभी चारों को गिरफ्तार कर हत्या का केस दर्ज किया है।
कोकरीपाड़ा क्षेत्र में शाम करीब साढ़े चार बजे यह वारदात हुई। आरोपी होली मना रहे थे और बीयर पी रहे थे। तुषार अपने दोस्त के साथ से गुजर रहा था, तभी उसके पैर का एक आरोपी से स्पर्श हो गया। इससे नोकझोंक शुरू हुई और गालियां दी गईं।
घर जाकर तुषार ने अपने बड़े भाई को पूरी बात बताई। भाई के साथ वापस लौटे तो आरोपी भड़क गए। उन्होंने तुषार पर लातें-घूंसे बरसाए। गंभीर रूप से घायल तुषार की इलाज के दौरान मौत हो गई।
वडाला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। सीसीटीवी और गवाहों के बयानों से चारों आरोपी पकड़े गए। जांच में शराब का सेवन मुख्य कारण सामने आ रहा है।
हाल ही में मुंबई पुलिस ने तीन नाबालिगों को 14 वर्षीय सिद्धार्थ की हत्या के लिए गिरफ्तार किया था। उन्होंने उसके शव को विहार झील में फेंक दिया था। सीसीटीवी और पोस्टमार्टम से राज खुला। ये घटनाएं साफ बता रही हैं कि छोटे झगड़े जानलेवा कैसे बन जाते हैं।