
मुंबई। दुबई में बढ़ते तनाव के बीच बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान सुरक्षित तरीके से भारत लौट आई हैं। सोशल मीडिया पर अपनी भावुक पोस्ट में उन्होंने वतन वापसी की खुशी जाहिर की और मुश्किल दौर में मिले समर्थन के लिए आभार माना।
सोनल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों का समय उनके लिए बेहद कठिन रहा, लेकिन दुबईवासियों के जोश, साहस और सरकार पर अटूट विश्वास ने उन्हें प्रभावित किया। उन्होंने खुद इस भरोसे को महसूस किया। विशेष रूप से दुबई प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि संकट में सभी को सुरक्षित रखने के लिए हर कदम सोच-समझकर उठाया गया।
फैंस, दोस्तों और शुभचिंतकों के प्यार भरे संदेशों ने उनका हौसला बढ़ाया। अब भारत में होने पर वह बेहद आभारी हैं। सोनल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जंग इसका हल नहीं है। संघर्ष से जूझ रहे सभी लोगों के लिए उनकी संवेदना है और शांति की कामना की।
इसी तरह अभिनेत्री ईशा गुप्ता भी दुबई से वापस लौटीं। उन्होंने मिसाइल अलर्ट्स से मची अफरा-तफरी का जिक्र किया, लेकिन यूएई सरकार, एयरपोर्ट स्टाफ और होटल प्रबंधन की तारीफ की। फंसे यात्रियों को तत्काल आश्रय, भोजन और सुरक्षा प्रदान की गई। यह वास्तविक शक्ति का प्रमाण है।