
कोलंबियाई गायिका शकीरा ने मैक्सिको सिटी के मशहूर जोकलो चौक पर एक मुफ्त कॉन्सर्ट आयोजित कर इतिहास रच दिया। इस शो में 4 लाख से अधिक प्रशंसक जुटे, जो इस ऐतिहासिक स्थान पर अब तक की सबसे बड़ी भीड़ है। पूरे वीकेंड राजधानी उत्सव के माहौल में डूब गई।
यह आयोजन पूरी तरह नि:शुल्क होने के कारण देश भर से लोग पहुंचे। मुख्य चौक भरने के बाद आसपास की सड़कों पर विशाल स्क्रीनें लगानी पड़ीं। अल्मेडा सेंट्रल और क्रांति स्मारक जैसे स्थानों पर भी व्यवस्था की गई, ताकि हर कोई शो का लुत्फ उठा सके। पूरा इलाका किसी मेले सा सजा नजर आया।
शकीरा ने अपनी हिट धुनों ‘हिप्स डोंट लाइ’, ‘वाका वाका’ और ‘डोंट बॉदर’ से स्टेज पर आग लगा दी। जोकलो एक विशाल डांस फ्लोर बन गया, जहां हजारों ने एक साथ ठुमके लगाए और गुनगुनाया।
खास मेहमान के तौर पर बीले स्टेज पर आए और दोनों ने नया गाना ‘एल्गो टू’ पहली बार लाइव गाया। दर्शकों में जबरदस्त उत्साह छा गया।
यह कॉन्सर्ट शकीरा के वर्ल्ड टूर का हिस्सा है। जल्द ही वह रियो डी जेनेरियो में भी फ्री शो करेंगी। शकीरा की यह उपलब्धि संगीत जगत में एक मिसाल है, जो उनकी वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाती है।