
बेंगलुरु। भाजपा एमएलसी सीटी रवि ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि विपक्षी दल ने कभी राष्ट्रहित को प्राथमिकता नहीं दी, बल्कि अपनी राजनीतिक दुकान चलाने के लिए विदेश नीति गढ़ी। मंगलवार को पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का मूल मंत्र राष्ट्र पहले है।
“हमने कभी राजनीतिक फायदे के लिए विदेश नीति नहीं बनाई। हमारा पूरा जोर देश के हित में काम करने पर है और यही हमारी प्रतिबद्धता रहेगी। राजनीति से ऊपर राष्ट्र है, यही हमारा फर्क है।”
ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत पर देशभर में शोक संदेशों पर रवि ने सवाल उठाए। “लोग खामेनेई के लिए क्यों रो रहे हैं? उनका भारत से क्या वास्ता? पहलगाम में हमारे निर्दोषों की हत्या पर ये चुप थे। कुछ ने तो खुलेआम शरिया को संविधान पर तरजीह दी। ऐसे लोग भारतीय कैसे कहलाएंगे?”
सोनिया गांधी की संसद में ईरान पर चर्चा की मांग पर रवि ने कहा, “चर्चा हो, कोई आपत्ति नहीं। लेकिन भागना बंद करें। भाजपा राष्ट्र के लिए काम करती है, मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं। कांग्रेस ने ऐसा किया है।”
भारत-इजरायल संबंधों पर भी रवि ने कांग्रेस से सवाल किया। “इजरायल से अच्छे रिश्ते हैं तो दिक्कत क्यों? अंतरराष्ट्रीय मामलों को राजनीतिक चश्मे से देखना गलत है। इजरायल हमारा सच्चा मित्र है, इसका विरोध क्यों?”
रवि के बयान ने विदेश नीति पर राजनीतिक बहस को नई गर्मी दे दी है।