
हैदराबाद। साउथ सिनेमा की दुनिया में राम चरण की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर खासी हलचल मची हुई है। फिल्म के रनटाइम को लेकर तरह-तरह की अफवाहें उड़ रही हैं, जिस पर अब प्रोडक्शन टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर सफाई दी है।
निर्देशक बुच्ची बाबू सना की इस ग्रामीण एक्शन ड्रामा में राम चरण मुख्य भूमिका में धमाल मचाने को तैयार हैं। टीम ने स्पष्ट किया कि फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन अभी चल रहा है। पहला हाफ फाइनल हो चुका है और ऑस्कर विजेता एआर रहमान का बैकग्राउंड म्यूजिक लगभग तैयार है।
दूसरा हाफ अभी शूटिंग के आखिरी दौर में है, जबकि एडिटिंग का काम जोरों पर है। नेशनल अवॉर्ड विजेता नवीन नूली एडिटिंग संभाल रहे हैं। मेकर्स ने कहा कि सब कुछ प्लान के अनुसार चल रहा है और फिल्म 30 अप्रैल 2026 को रिलीज होगी।
जान्हवी कपूर लीड एक्ट्रेस हैं, तो शिव राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा व बोमन ईरानी भी अहम किरदार निभा रहे हैं। मैथ्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स की प्रस्तुति में बन रही इस फिल्म का इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाहें आम हैं, लेकिन मेकर्स की यह पहल फैंस के बीच भरोसा बढ़ाएगी। अब असली अपडेट्स का इंतजार है।