
नई दिल्ली, 3 मार्च। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच दुबई में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने यूएई में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। दूतावास ने गैर-जरूरी यात्राओं से पूरी तरह परहेज करने का आग्रह किया है।
सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किए गए बयान में कहा गया, ‘क्षेत्रीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यूएई में सभी भारतीय नागरिकों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है। सतर्क रहें, सावधानी बरतें और यूएई अधिकारियों व दूतावास द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।’
अबू धाबी में भारतीय दूतावास और दुबई में वाणिज्य दूतावास सामान्य रूप से कार्यरत हैं तथा आवश्यकता अनुसार अद्यतन जानकारी साझा करेंगे। किसी आपात स्थिति में यूएई वाले भारतीय टोल-फ्री नंबर 800-46342 या व्हाट्सएप +971543090571 पर संपर्क कर सकते हैं।
यह सलाह रियाद में अमेरिकी दूतावास पर ईरानी ड्रोन हमलों के बाद जारी हुई है, जिसमें आग लगने और संपत्ति को नुकसान पहुंचा। अमेरिका ने रियाद, जेद्दा व धाहरान के लिए ‘शेल्टर-इन-प्लेस’ आदेश दिए तथा सैन्य ठिकानों पर गैर-जरूरी यात्रा प्रतिबंधित कर दी।
अमेरिकी बयान में कहा गया कि वे स्थिति पर नजर रख रहे हैं तथा यात्रियों से नवीनतम अलर्ट जांचने, योजनाएं संशोधित करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। विदेश में रहने वालों के लिए व्यक्तिगत सुरक्षा योजना बनाने पर जोर दिया गया।
यूएई में 35 लाख से अधिक भारतीय प्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भारत की प्राथमिकता है। नागरिकों से शांत रहकर आधिकारिक निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की गई है।