
काबुल। संयुक्त राष्ट्र ने पाकिस्तान के हमलों में अफगानिस्तान के 34 लोगों की मौत और 89 के घायल होने की जानकारी दी है। यह आंकड़े 26 फरवरी से 1 मार्च तक के चार दिनों के हैं। यूएन महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इनमें बच्चे और महिलाएं भी शिकार हुए हैं। ये प्रारंभिक आंकड़े हैं और यूएनएएमए प्रभावितों का रिकॉर्ड तैयार कर रहा है।
सीमावर्ती इलाकों में संघर्ष के कारण मानवीय सहायता पहुंचाना मुश्किल हो गया है। पाकिस्तान से लौटे अफगान शरणार्थियों की स्थिति दिनबदिन बिगड़ रही है। यूएन ने आगामी दिनों में शरणार्थियों की संख्या में वृद्धि की चेतावनी दी है।
डूरंड लाइन पर अफगान और पाकिस्तानी सेनाओं के बीच झड़पें तेज हो गई हैं। पाकिस्तान ने 21-22 फरवरी को कथित आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए, जिसके जवाब में अफगान सेना ने पाक सैन्य अड्डों पर पलटवार किया। अफगान रक्षा मंत्रालय के अनुसार, काबुल, खोस्त के अली शेर, जलालाबाद और कंधार के करीब कई पाकिस्तानी पोस्ट नष्ट किए गए।
कंधार के स्पिन बोल्डक और शोराबक में अफगानों ने तीन पाक पोस्ट कब्जे में ले लीं, जिसमें तीन पाक सैनिक मारे गए और एक कैद हुआ। टोलो न्यूज ने अली शेर में दो पोस्ट कब्जे की पुष्टि की। पाकिस्तान ने ‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’ चलाकर काबुल, कंधार और पक्तिया में अफगान ठिकानों पर बमबारी की।
हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है। एक-दूसरे पर आतंकवादियों को पनाह देने के आरोप लग रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय शांति वार्ता की मांग कर रहा है, लेकिन लड़ाई थमने का नाम नहीं ले रही।