
अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर लगातार हवाई हमले जारी हैं। इसी बीच दक्षिणी ईरान के फार्स प्रांत के गेराश शहर में 4.3 तीव्रता का भूकंप आ गया। अमेरिकी भूगर्भ विभाग (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र महज 10 किलोमीटर गहराई पर था, जिससे झटके जोरदार महसूस हुए।
अभी तक किसी हताहत या बड़े नुकसान की खबर नहीं है। स्थानीय प्रशासन सतर्कता बरत रहा है और हालात का जायजा ले रहा है। यह भूकंप उस समय आया जब क्षेत्र में तनाव अपने चरम पर है। ईरानी सैन्य अड्डों पर मिसाइल और हवाई हमलों ने मिडिल ईस्ट में हवाई यात्रा ठप कर दी है और सुरक्षा चिंताएं बढ़ा दी हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि इसका सैन्य कार्रवाइयों से कोई लेना-देना नहीं। ईरान जगत के सबसे भूकंपीय सक्रिय देशों में शुमार है। यहां अरेबियन और यूरेशियन प्लेटों की टक्कर से बनी जग्रोस बेल्ट सक्रिय रहती है। यह 1600 किलोमीटर लंबी श्रृंखला गेराश जैसे इलाकों को असर डालती रहती है।
1990 का रुदबार भूकंप याद दिलाता है खतरे की। 20-21 जून की आधी रात 7.7 तीव्रता के उस भूकंप ने 50 हजार जिंदगियां लील लीं और जंजान-गिलान में 20 हजार वर्ग मील तबाह कर दिया। युद्ध और भूगर्भ की दोहरी मार से ईरान की चुनौतियां बढ़ गई हैं।