
गर्मियों की दस्तक के साथ ही शरीर को ठंडक और तरोताजा महसूस कराने वाले पेय की तलाश शुरू हो जाती है। लेकिन फलों के जूस अक्सर ब्लड शुगर को अचानक बढ़ा देते हैं क्योंकि इनमें फाइबर कम हो जाता है। ऐसे में लौकी का जूस सबसे बेहतरीन विकल्प साबित होता है। यह न केवल शुगर लेवल को नियंत्रित रखता है बल्कि भरपूर फाइबर के साथ हाइड्रेशन भी प्रदान करता है।
लौकी को कई लोग फीका मानते हैं लेकिन इसका जूस स्वास्थ्य के लिए अनमोल है। आयुर्वेद में इसे शीतल, पाचन सुधारक और पित्त नाशक कहा गया है। यह शरीर की अतिरिक्त गर्मी को कम करता है, पेट की सफाई करता है और आंतरिक संतुलन बनाए रखता है। वैज्ञानिक रूप से देखें तो इसमें 96 प्रतिशत पानी, पोटैशियम और न्यूनतम कैलोरी होती है जो हृदय को मजबूत बनाती है और ब्लड प्रेशर को संभालती है।
घर पर बनाना आसान: छोटी-ताजी लौकी चुनें, कड़वापन जांचें। छीलकर टुकड़े काटें, खीरा, पुदीना और नींबू रस डालकर ब्लेंड करें। तुरंत पिएं वरना ऑक्सीडेशन से गुण नष्ट हो जाते हैं।
सुबह खाली पेट पीने से डिटॉक्सिफिकेशन तेज होता है, मेटाबॉलिज्म बूस्ट मिलता है। कब्ज, गैस, भारीपन जैसी दिक्कतें दूर होती हैं। नियमित सेवन से गर्मी की थकान भगाती है और पूरे दिन ऊर्जा बनी रहती है। लौकी जूस को अपनाकर इस सीजन को हेल्दी बनाएं।