
वेलिंगटन। न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम को जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। टॉप ऑर्डर की अहम बल्लेबाज जॉर्जिया प्लिमर कंधे की चोट से जूझ रही हैं और पूरी सीरीज से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह बेला जेम्स को शामिल किया गया है, जिन्हें तीसरे टी20 से पहले इंजरी कवर के रूप में बुलाया गया था।
हेड कोच बेन सॉयर ने प्लिमर की अनुपस्थिति पर दुख जताया। उन्होंने कहा, ‘जॉर्जिया हमारी बल्लेबाजी की रीढ़ हैं और टीम में जबरदस्त ऊर्जा लाती हैं। उनकी कमी खलेगी।’
बेला जेम्स ने दिसंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। उनके पास लगभग 100 लिस्ट-ए मैचों का अनुभव है। सॉयर ने भरोसा जताया कि वह टीम में आसानी से जगह बना लेंगी।
टीम में नेंसी पटेल और इजी शार्प भी हैं, जो डेब्यू के दावेदार हैं। पटेल ने टी20 सीरीज में पांच विकेट लिए, जबकि शार्प ने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।
5 मार्च से शुरू हो रही तीन वनडे मैच आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप का हिस्सा हैं। टी20 में 3-0 से जीतने वाली न्यूजीलैंड वनडे में भी क्लीन स्वीप के इरादे से उतरेगी।
टीम: अमेलिया केर, इजी गेज, मैडी ग्रीन, ब्रुक हॉलिडे, ब्री इलिंग, पॉली इंग्लिस, बेला जेम्स, जेस केर, एम्मा मैकलियोड, रोजमेरी मायर, नेंसी पटेल, मौली पेनफोल्ड, इजी शार्प।