
बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। पातेपुर थाना क्षेत्र के नीरपुर गांव में एक युवक ने अपने बेटे की आंखों के सामने पत्नी का गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या का कारण पत्नी के सोशल मीडिया रील वीडियो बनाना था, जिस पर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका ने घटना से महज 24 घंटे पहले एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह चेतावनी दे रही थी कि पति मुझे मार डालेगा तो आप लोग साथ दोगे।
मृतका अंजली चौधरी उम्र 32 वर्ष मूल रूप से समस्तीपुर के पूसा की निवासी थीं। पांच साल पहले फेसबुक पर कुंदन साह से प्यार हो गया और प्रेम विवाह कर लिया। यह उनकी दूसरी शादी थी, पहली शादी से दो बेटे हैं। बेटे ने पुलिस को बताया कि सुबह मंदिर से बाजा की आवाज सुनकर आंख खुली तो पिता मां का गला रस्सी से दबा रहे थे।
अंजली के वीडियो में वह रोते हुए कह रही हैं, ‘मुझे दाने-दाने का मोहताज बना दिया। बाहर लिट्टी-समोसा खाकर आता है और मुझे भूखा छोड़ देता है।’ पुलिस ने आरोपी पति कुंदन को गिरफ्तार कर लिया तथा प्लास्टिक रस्सी जब्त की। मृतका के परिजनों ने कुंदन के परिवार पर भी हत्या का आरोप लगाया है।
2023 में अंजली ने पति के खिलाफ केस दर्ज कराया था, जिसमें वह जेल भी गया। पातेपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह घटना घरेलू हिंसा और सोशल मीडिया के खतरों को उजागर करती है।