
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारी जोरों पर है, लेकिन कांग्रेस के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी ने चुनाव आयोग से साफ मांग की है कि सभी लंबित मामले सुलझने तक चुनाव को टाल दिया जाए। उन्होंने आयोग को पत्र लिखकर वोटर लिस्ट में 60 लाख नामों के गायब होने का मुद्दा उठाया है।
आईएएनएस से विशेष बातचीत में चौधरी ने कहा कि हर वैध वोटर का चुनाव लड़ना का अधिकार है। लेकिन अभी बंगाल में लाखों नाम वोटर सूची से गायब हैं और ये मामले ‘विचाराधीन’ हैं। बिना समयसीमा के ये कब सुलझेंगे, इसका कोई पता नहीं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक एक भी वैध वोटर बाहर रहे, चुनाव नहीं होने चाहिए। ऐसा होने से आम जनता के संवैधानिक अधिकारों का हनन होगा। इसलिए अंतिम वोटर लिस्ट जारी होने और सभी केस हल होने तक बंगाल में मतदान स्थगित रखा जाए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के घुसपैठिए मुद्दे पर चौधरी ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि दशकों से घुसपैठ की बात होती है, लेकिन चुनाव बाद ये मुद्दे गायब हो जाते हैं। बिना इनका समाधान किए निष्पक्ष चुनाव कैसे संभव? चौधरी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए, कहा कि आम लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं।
बंगाल की सियासत में यह नया मोड़ बहस छेड़ सकता है। क्या आयोग इस मांग पर कार्रवाई करेगा या चुनाव ट्रैक पर रहेंगे? आने वाले दिन निर्णायक होंगे।