
गया, 2 मार्च। बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने राज्य की पांच राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव में एनडीए की पूर्ण जीत का दावा किया है। गया में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि विधानसभा में हमारे पास अपार संख्या बल है, इसलिए ये सभी सीटें एनडीए के पास आएंगी।
“राज्यसभा चुनाव का गणित साफ है। हमारी मजबूत स्थिति के चलते पांचों सीटें हमारी झोली में होंगी। उम्मीदवारों के नाम जल्द घोषित कर दिए जाएंगे,” सुमन ने जोर देकर कहा। दूसरी ओर, महागठबंधन की ओर से अभी कोई घोषणा नहीं हुई है, लेकिन तेजस्वी यादव के नाम की चर्चा जोरों पर है।
ईरान-इजरायल संघर्ष में फंसे भारतीयों के मुद्दे पर मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बाबत बैठक की है। केंद्र सरकार पूर्ण कूटनीतिक प्रयास कर रही है। “हमारे विमान सभी को दो-चार दिनों में सुरक्षित वापस लाएंगे। यूक्रेन संकट के दौरान जैसा किया था, वैसा ही होगा,” उन्होंने आश्वासन दिया।
अमेरिका सहित इन देशों के बीच बढ़ते तनाव को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सुमन ने बिहारवासियों से अपील की कि परिजनों को लेकर चिंता न करें।
होलिका दहन के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। “यह अवसर सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि लाए,” उन्होंने प्रार्थना की।