
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 6 मार्च को प्रस्तावित धरने पर केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी और ममता बनर्जी को बार-बार धरना देना पड़ेगा, इसलिए उनका नाम ‘धरना दीदी’ होगा।
मीडिया से बातचीत में मजूमदार ने व्यंग्य किया कि अच्छा है, वह अभी से प्रैक्टिस कर रही हैं क्योंकि भाजपा सत्ता में आने के बाद उन्हें विपक्ष की नेता बनना होगा। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बीएलओ की कथित मौत के विपक्षी आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि मौत का डेथ सर्टिफिकेट कहां है? जिलाधिकारी स्पष्ट कह रहे हैं कि एसआईआर में किसी की मौत नहीं हुई और चुनाव आयोग को कोई रिपोर्ट नहीं भेजी गई।
कांग्रेस की चुनाव रोकने की मांग पर उन्होंने सलाह दी कि कोर्ट जाएं। भाजपा नेता समिक भट्टाचार्य ने कहा कि लोग जानते हैं ममता बांग्लादेशी घुसपैठियों, रोहिंग्या और मृत वोटरों के लिए धरना दे रही हैं।
टीएमसी का आरोप है कि भाजपा चुनाव हारने के डर से चुनाव आयोग के जरिए वोटर लिस्ट में हेराफेरी कर रही है। एक करोड़ से ज्यादा नाम काटने का लक्ष्य पहले ही तय था। ममता का धरना इसी के खिलाफ है, लेकिन भाजपा इसे हार का डर बता रही है। यह राजनीतिक जंग बंगाल चुनावों को और रोमांचक बना रही है।