
बिहार के सीमावर्ती जिलों में होली का रंग फीका पड़ गया है। नेपाल में 5 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव के चलते भारत-नेपाल सीमा को 72 घंटे के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सोमवार रात 12 बजे से गुरुवार रात 12 बजे तक जोगबनी समेत सभी प्रमुख चौकियों पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
अररिया जिले के जोगबनी से सटे नेपाल क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। परिवारों के बीच होली मनाने की परंपरा टूट गई, लोग फोन पर ही बधाई संदेश भेजने को मजबूर हैं।
व्यापारिक गतिविधियां ठप हो चुकी हैं। जोगबनी बाजार, जो दोनों देशों के व्यापार का केंद्र रहा है, आज सूना पड़ा है। नेपाली खरीदारों की कमी से सब्जी, कपड़ा और अन्य सामान की बिक्री प्रभावित हुई है। होली के मौके पर होने वाली रौनक गायब है।
दोनों देशों के बीच गहरे पारिवारिक रिश्ते इस बंदी से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। शादी-ब्याह और त्योहारों पर सीमा का कोई महत्व नहीं होता था, लेकिन इस बार चुनावी सुरक्षा ने सब बदल दिया।
बिहार में शराबबंदी के बावजूद नेपाल से तस्करी आम है, जिसे रोकने के लिए नेपाल ने चुनाव से एक सप्ताह पहले शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया। इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर सभी वाहनों पर रोक है। उम्मीद है कि चुनाव शांतिपूर्वक होने के बाद सीमा फिर खुल जाएगी।