
नई दिल्ली। महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से निपटने के लिए शुरू हुए देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान ने वैश्विक स्तर पर प्रशंसा बटोरी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्वास्थ्य मंत्रालय की इस पहल की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की।
डॉ. टेड्रोस ने एक्स पर लिखा कि वे पीएम मोदी और स्वास्थ्य मंत्रालय को बधाई देते हैं जिन्होंने लड़कियों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाने हेतु राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि डब्ल्यूएचओ सभी देशों के साथ मिलकर इस बीमारी को समाप्त करने के लिए कटिबद्ध है।
शनिवार को राजस्थान के अजमेर से पीएम मोदी ने 14 वर्ष की लड़कियों के लिए यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम Virtual रूप से शुरू किया। भारत में महिलाओं की मौत का एक प्रमुख कारण गर्भाशय ग्रीवा कैंसर है, जिसे टीकाकरण से रोका जा सकता है।
अभियान का लक्ष्य हर साल सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग 1.15 करोड़ पात्र लड़कियों को कवर करना है। मुफ्त वैक्सीन सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों पर उपलब्ध होगी।
प्रत्येक टीकाकरण सत्र प्रशिक्षित चिकित्सा अधिकारियों की निगरानी में होगा, जिसमें कुशल टीमें सहायता करेंगी। सभी स्थानों पर कोल्ड चेन व्यवस्था और एईएफआई प्रबंधन सुनिश्चित किया गया है। माता-पिता से सहमति अनिवार्य है।
तीन माह की मिशन मोड अवधि में रोजाना टीकाकरण होगा, उसके बाद नियमित शेड्यूल में शामिल रहेगा। यह कदम भारत की स्वास्थ्य सेवा को मजबूत बनाते हुए लाखों जिंदगियों को बचाने की दिशा में बड़ा प्रयास है।