
ईडन गार्डन्स में रविवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में संजू सैमसन ने 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन ठोककर इतिहास रच दिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 विकेट से मिली जीत के हीरो संजू ने टी20 विश्व कप में चेज करते हुए भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी खेली और विराट कोहली के 82 रनों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।
12 चौकों और 4 छक्कों से सजी इस पारी ने कैरेबियाई गेंदबाजों को रौंद दिया। 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 19.2 ओवर में 5 विकेट पर हासिल कर लिया। संजू ने हार्दिक पांड्या के साथ 58 रनों की साझेदारी की और रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर चौका जड़कर टीम को छठी बार सेमीफाइनल में पहुंचाया।
कोहली ने 2016 में ऑस्ट्रेलिया और 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ 82* बनाए थे। अब संजू भारत की तरफ से टी20 विश्व कप की दूसरी सबसे बड़ी पारी के मालिक हैं। तिलक वर्मा ने 27 और हार्दिक ने 17 रन जोड़े।
इससे पहले वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए। रोस्टन चेज ने 25 गेंदों पर 40, रोवमैन पॉवेल ने 19 पर नाबाद 34 और जेसन होल्डर ने 22 पर नाबाद 37 रन बनाए। 5 मार्च को इंग्लैंड से सेमीफाइनल में भिड़ंत होगी। संजू का यह जलवा भविष्य की झलक देता है।