
गुवाहाटी। केंद्रीय राज्य मंत्री पवित्रा मार्गेरिटा ने रविवार को कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनावी शिकस्त के बावजूद कांग्रेस असम की राजनीति से कभी पूरी तरह गायब नहीं हुई और अल्पसंख्यकों, विशेषकर मुस्लिम समुदाय में अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश करती रहती है।
मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों से अल्पसंख्यकों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। खोखले वादों के बल पर उन्हें राजनीतिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा बनाए रखा। विकास और सामाजिक एकता के बजाय बांटने वाली राजनीति पर जोर दिया गया।
अब असम के लोग जागरूक हो चुके हैं। वे कांग्रेस की तथाकथित तुष्टिकरण नीति को भांप चुके हैं। दूसरी ओर, सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने सभी वर्गों के लिए कल्याण योजनाओं को सुनिश्चित किया है। कानून-व्यवस्था मजबूत की, बुनियादी ढांचे का विकास किया और आदिवासी समुदायों के हित में कदम उठाए।
कांग्रेस चुनाव से पहले भड़काऊ बयानों और गैर-जरूरी विवादों से अपनी खोई जमीन वापस पाने की फिराक में रहती है। लेकिन असम की जनता पुरानी राजनीति को ठुकरा देगी। भाजपा पर भरोसा कायम रहेगा। असम का भविष्य विकास और एकता में है, न कि विभाजन में।