
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए। इस जीत के साथ ही भारत या वेस्टइंडीज में से कोई एक सेमीफाइनल में पहुंचेगा। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम को अब 196 रनों का कठिन लक्ष्य हासिल करना है।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत शानदार रही। कप्तान शाई होप और रोस्टन चेज ने पहले विकेट के लिए 8.5 ओवर में 68 रनों की साझेदारी की। होप 33 गेंदों पर 32 रन बनाकर लौटे, तो चेज ने 25 गेंदों में 40 रन ठोके। शिमरोन हेटमायर ने 12 गेंदों में 27 रन बनाए, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके।
शेरफेन रदरफोर्ड सिर्फ 9 गेंदों में 14 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। उसके बाद रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर ने कमाल कर दिखाया। पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 76 रनों की साझेदारी कर वेस्टइंडीज को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। होल्डर 22 गेंदों में नाबाद 37 (2 चौके, 3 छक्के), वहीं पॉवेल 19 गेंदों में नाबाद 34 रन (स्ट्राइक रेट 178) बनाकर लौटे।
भारतीय गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह सबसे प्रभावी रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट लिए। हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक सफलता मिली। भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया।
टीम इंडिया: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह। वेस्टइंडीज ने ब्रैंडन किंग की जगह अकील हुसैन को लिया।
अब सारी निगाहें भारत के चेज पर हैं। क्या मेजबान टीम लक्ष्य हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बना पाएगी?