
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने रविवार को नांगलोई में सावित्री देवी गोयल कंप्यूटर शिक्षा संस्थान और रीडिंग रूम का उद्घाटन किया। सेवा भारती द्वारा रघुनाथ धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम को उन्होंने ‘विकसित भारत’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
गुप्ता ने कहा कि आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा कोई विलासिता नहीं, बल्कि अनिवार्य आवश्यकता है। हर रीडिंग रूम और कंप्यूटर सेंटर राष्ट्र निर्माण की यात्रा को मजबूत बनाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सच्ची साक्षरता में डिजिटल साक्षरता का समावेश होना चाहिए।
अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए गुप्ता ने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के निकट तिमारपुर स्थित रतन टाटा लाइब्रेरी का जिक्र किया, जहां उन्हें गहन अध्ययन का अवसर मिला। ऐसे स्थान प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे सिविल सेवा की तैयारी के लिए अमूल्य हैं।
नए रीडिंग रूम से युवाओं को शैक्षणिक और व्यावसायिक सफलता मिलेगी, ऐसा विश्वास जताते हुए उन्होंने समुदाय से किताबें दान करने, स्वयंसेवा या आर्थिक सहायता प्रदान करने का आह्वान किया। सेवा भारती और गोयल परिवार द्वारा 15 कंप्यूटर स्थापित करने की सराहना की।
यह केंद्र आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए डिजिटल सीखने का द्वार खोलेगा। आरएसएस प्रांत प्रचारक विशाल ने शिक्षा और सामाजिक उत्थान पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सस्ती सुविधाओं से छात्र आवश्यक कौशल प्राप्त कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगे।
गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि यह प्रयास अन्य केंद्रों को प्रेरित करेगा, जिससे सेवा भाव, अनुशासन और ज्ञान अर्जन की संस्कृति विकसित होगी। समाज के हर वर्ग को इससे लाभ होगा।