
कराची। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की अमेरिका-इजरायल हमले में मौत की खबर ने पाकिस्तान के कराची शहर को आग के आगोश में झोंक दिया। रविवार को अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर भड़के हिंसक प्रदर्शनों ने पूरे इलाके को दहला दिया। मध्य पूर्व में ईरान की जवाबी कार्रवाई से तनाव चरम पर है और अब यह पाकिस्तान तक फैल गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिखा कि गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने दूतावास के दरवाजे-खिड़कियां तोड़ डालीं और आग लगा दी। परिसर के बाहर तोड़फोड़ मचाते हुए वे सुरक्षाकर्मियों से भिड़ गए।
डंडों से शीशे चूर-चूर करते और गार्ड क्षेत्र पर धावा बोलते नजर आए प्रदर्शनकारी। पुलिस ने हालात संभालने के लिए आंसू गैस के गोले दागे, हवाई फायरिंग की और लाठीचार्ज किया।
झड़पों में कई लोग जख्मी हो गए, जिन्हें एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल ले जाया गया। यातायात बुरी तरह ठप हो गया। कराची ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 11 बजे बताया कि सुल्तानाबाद से माई कोलाची मार्ग दोनों तरफ बंद है।
सिंध गृह मंत्री जियाउल हसन लंजर ने एआईजी आजाद खान से तुरंत रिपोर्ट तलब की है। बंदरगाह शहर में तनाव बरकरार है, प्रशासन चौकसी बरत रहा है। यह घटना वैश्विक तनाव की गहराई को दर्शाती है।