
मुंबई। अनुपम खेर की पहली निर्देशक फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ अवॉर्ड्स की बौछार में सराबोर हो रही है। 2025 से 2026 तक यह फिल्म लगातार सम्मान बटोर रही है। लेकिन अनुपम खेर को सबसे ज्यादा खुशी तब हुई जब लीड एक्ट्रेस शुभांगी ने ऑटिज्म पीड़ित तन्वी के किरदार में अपनी बेहतरीन एक्टिंग के लिए जी सिने अवॉर्ड समेत कई पुरस्कार जीते।
अनुपम ने इंस्टाग्राम पर शुभांगी को दिल खोलकर बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘मेरी प्यारी शुभांगी! उत्कृष्ट प्रदर्शन पुरस्कार के लिए हार्दिक बधाई! मैंने हमेशा कहा है कि मेहनत कभी बेकार नहीं जाती। इसमें वक्त लग सकता है, धैर्य की परीक्षा हो सकती है, आंसू बह सकते हैं, लेकिन फल जरूर मिलता है। आज वही हो रहा है।’
शुभांगी के किरदार को उन्होंने सराहते हुए कहा कि तन्वी बनकर उनका समर्पण, ईमानदारी और साहस ने लाखों दिल जीत लिए। यह पुरस्कार सिर्फ ट्रॉफी नहीं, बल्कि उनकी कलाकारी और इंसानियत का प्रमाण है। हमने पर्दे के पीछे की कड़ी मेहनत देखी, अनुशासन देखा, अब दुनिया देख रही है।
यह फिल्म अनुपम के लिए बेहद खास है क्योंकि यह उनकी भांजी तन्वी से प्रेरित है, जो ऑटिज्म से जूझ रही हैं। फिर भी अपनी गायकी से सबको प्रेरित कर रही हैं। अनुपम ने इसी हौसले को सिल्वर स्क्रीन पर उतारा।
फिल्म की सफलता से साबित होता है कि सच्ची कहानियां और मेहनत हमेशा रंग लाती हैं। शुभांगी का उदय हिंदी सिनेमा में नई उम्मीद जगाता है।