
तेल अवीव। इजरायली सेना ने रविवार को बड़ा खुलासा किया कि ईरान के रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादेह और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के प्रमुख समेत सात शीर्ष सैन्य कमांडर मारे गए हैं। ये सटीक हवाई हमले पूरे ईरान में किए गए, जो अमेरिका-इजरायल के संयुक्त अभियान का हिस्सा थे।
इस कार्रवाई से मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर पहुंच गया है। ईरानी सैन्य ढांचे और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया गया। आईडीएफ के अनुसार, इजरायल एयर फोर्स ने तेहरान में दो गुप्त स्थानों पर हमला किया, जहां बड़े सुरक्षा अधिकारी मौजूद थे।
मारे गए लोगों में सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई के सलाहकार अली शमखानी भी शामिल हैं, जो ईरान की रक्षा व्यवस्था के प्रमुख चेहरा थे। शमखानी पर पिछले साल भी हमले का प्रयास हो चुका था।
आईआरजीसी कमांडर मोहम्मद पाकपुर की मौत की भी पुष्टि हुई, जिन्हें इजरायल के खिलाफ मिसाइल और ड्रोन हमलों का जिम्मेदार ठहराया गया। इसके अलावा सलाह असादी, मोहम्मद शिराजी और एसपीएनडी के हथियार विकास विशेषज्ञ भी मारे गए।
इन अधिकारियों पर मिसाइल उत्पादन, प्रॉक्सी समूहों से सहयोग और न्यूक्लियर प्रोजेक्ट्स में भूमिका का आरोप था। आईडीएफ ने कहा कि इनके जाने से दुनिया सुरक्षित हुई है। 46 साल पुरानी शिया व्यवस्था अब संकट में है।