
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव चरम पर पहुंचने के बाद नेपाल ने खाड़ी देशों के लिए दर्जनभर से ज्यादा उड़ानें शनिवार को रद्द कर दीं। त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानपत्तन पर सैकड़ों यात्री फंस गए, जो अब आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।
ईरान द्वारा अमेरिकी ठिकानों और इजरायल पर जवाबी हमले के जवाब में क्षेत्रीय देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। इससे नागरिक उड़ानों पर पूरी तरह रोक लग गई।
त्रिभुवन विमानपत्तन प्राधिकरण के अनुसार, काठमांडू से पश्चिम एशिया के शहरों के लिए 14 उड़ानें रद्द हुईं। नेपाल एयरलाइंस, हिमालय एयरलाइंस (छह उड़ानें), कतर एयरवेज, एयर अरेबिया, फ्लाईदुबई और कुवैत एयरवेज प्रभावित हुईं।
विमानपत्तन पर भीड़ बढ़ गई। हिमालय एयरलाइंस ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘मध्य पूर्व हवाई क्षेत्र की स्थिति के कारण दुबई, दमाम व दोहा उड़ानें रद्द। वेबसाइट चेक करें।’
नेपाल एयरलाइंस ने भी दुबई व दोहा उड़ानों को 28 फरवरी से 1 मार्च तक स्थगित किया। दमाम की स्थिति जल्द बताई जाएगी।
प्राधिकरण ने पहले ही चेतावनी दी थी। अब एयरलाइंस के साथ समन्वय से यात्रियों की मदद की जा रही है। यह नेपाल के प्रवासी मजदूरों के लिए बड़ा झटका है।