
शेखपुरा के सर्वा पंचायत में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के मौके पर शनिवार को आंगनबाड़ी केंद्र 156 में भारत सरकार के सम्पूर्णता अभियान 2.0 के तहत एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान आकांक्षी जिलों और प्रखंडों में फरवरी से अप्रैल तक चलेगा, जिसका मुख्य लक्ष्य स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति जनमानस में जागरूकता फैलाना है।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि मुन्नी कुमारी, उप विकास आयुक्त, जिला योजना पदाधिकारी, आईसीडीएस कार्यक्रम पदाधिकारी, जीविका डीपीएम, बरबीघा बीडीओ, अंचल अधिकारी, रेफरल अस्पताल प्रभारी और सीडीपीओ सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुधार, टीबी की शीघ्र पहचान, पोषण सेवाओं की निरंतरता और आंगनबाड़ी सुविधाओं का उन्नयन प्रमुख प्राथमिकताएं हैं।
गर्भवती महिलाओं का गोदभराई संस्कार और छह माह के शिशुओं का अन्नप्राशन समारोह आयोजित किया गया। माताओं को गर्भावस्था एवं शिशु देखभाल की सावधानियां सिखाई गईं। छह वर्ष तक के बच्चों को पढ़ाई की सामग्री दी गई, जबकि किशोरियों को पोषण, स्वच्छता, सुरक्षित जल और माहवारी स्वच्छता किट प्रदान की गई।
स्वास्थ्य टीम ने किशोरियों का एनीमिया परीक्षण कर दवाएं वितरित कीं। मासिक धर्म स्वच्छता, संतुलित भोजन और खुले में शौच से बचाव पर बल दिया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने धात्री माताओं व किशोरियों को संबोधित कर कहा कि पौष्टिक आहार के साथ स्वच्छता, सुरक्षित पर्यावरण और व्यायाम आवश्यक हैं। स्वस्थ समाज की बुनियाद मजबूत महिलाओं पर टिकी है।
इस कार्यक्रम ने ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता को नई गति प्रदान की, जो सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।