
हुबली, 28 फरवरी। टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भारतीय टीम को जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी जीत से प्रेरणा लेने का आह्वान किया है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज से भिड़ंत होगी, जिसमें सेमीफाइनल का टिकट दांव पर होगा।
शनिवार को हुबली क्रिकेट ग्राउंड पर जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में भारी बढ़त का फायदा उठाकर आठ बार की चैंपियन कर्नाटक को हराकर रणजी ट्रॉफी 2025-26 का खिताब जीत लिया। सैकिया का मानना है कि यह जीत टीम इंडिया के लिए परफेक्ट मिसाल है।
आईएएनएस से बातचीत में सैकिया ने कहा, “रविवार देश के लिए बड़ा दिन है। जेकेई ने कर्नाटक को उनके घर में पटखनी दी, जो क्रिकेट में कुछ भी संभव होने का संदेश देती है। कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ हमारा मैच सेमीफाइनल जैसा है। खिलाड़ी अपना बेस्ट देंगे और देश को गौरवान्वित करेंगे।”
इस मैच की विजेता टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेगी। गुरुवार को भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से धोया। अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों पर 55, हार्दिक पांड्या ने 23 गेंदों पर नाबाद 50 और तिलक वर्मा ने 16 गेंदों पर 44 रन ठोके। पहले बल्लेबाजी कर भारत ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 256 रन बनाए, जो टी20 विश्व कप में उनका सर्वोच्च स्कोर है। जिम्बाब्वे 184/6 पर सिमट गया। सुपर-8 के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका से 76 रनों की हार के बाद यह शानदार वापसी थी। जेकेई की कहानी से प्रेरित होकर भारत वेस्टइंडीज को धूल चटाने को बेताब है।