
पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने टी20 विश्व कप के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 15.5 ओवर में 176 रनों की साझेदारी कर टूर्नामेंट का सर्वोच्च रिकॉर्ड कायम किया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने 8 विकेट पर 212 रन बनाए। फखर जमान ने 42 गेंदों पर 84 रन ठोककर शानदार शुरुआत दी, जबकि फरहान ने टूर्नामेंट का दूसरा शतक जड़ते हुए 60 गेंदों में 100 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 5 छक्के शामिल थे।
श्रीलंका के गेंदबाज इस जोड़ी के आगे बेबस नजर आए। हालांकि, दोनों के आउट होने के बाद पाकिस्तान का मध्यक्रम लड़खड़ा गया। शादाब खान 7 रन, मोहम्मद नवाज खाता नहीं खोल सके, कप्तान सलमान आगा शून्य पर आउट हुए और उस्मान खान ने 4 गेंदों में 8 रन जोड़े।
फरहान-फखर की ऐतिहासिक साझेदारी से पाकिस्तान टी20 विश्व कप में दूसरा सबसे ऊंचा स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि कप्तान दासुन शनाका को 2 सफलताएं मिलीं।
पाकिस्तान ने बाबर आजम, सैम अयूब और सलमान मिर्जा को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका पर कम से कम 64 रनों की जीत जरूरी है, वरना न्यूजीलैंड अंतिम चार में पहुंच जाएगा।