
झारखंड के लातेहार जिले में एक शादी समारोह के दौरान हुई दिल दहलाने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। महुआडांड थाना क्षेत्र में 27 फरवरी की रात बारातियों के रूप में आए पांच युवकों ने एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया। उसके बाद उसे गांव से दूर जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपी भाग निकले, लेकिन पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी वारदात बता दी। शिकायत पर पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से तीन नाबालिग होने के कारण उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
यह पहली घटना नहीं है। महज सात दिन पहले गुमला जिले के रायडीह में मेला देखकर लौट रही नाबालिग छात्रा के साथ आठ युवकों ने गैंगरेप किया था। उससे पहले कामडारा में कार सवार चारों ने दो नाबालिगों पर अत्याचार किए। मईया सम्मान जैसी योजनाओं के बावजूद महिलाओं की सुरक्षा में चूक साफ नजर आ रही है।
पुलिस ने पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सतर्कता जरूरी है।