
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में शनिवार दोपहर पटाखा निर्माण इकाई में हुए भयानक धमाके ने 20 लोगों की जान ले ली और 15 अन्य घायल हो गए। सामर्लकोटा मंडल के वेटलापालेम गांव में गोदावरी नहर के किनारे स्थित सूर्याश्री फायरवर्क्स में दोपहर करीब दो बजे यह हादसा हुआ।
विस्फोट की तीव्रता इतनी भयावह थी कि कई मजदूरों के शव क्षत-विक्षत होकर आसपास के खेतों में बिखर गए। ज्यादातर मृतक महिलाएं बताई जा रही हैं। आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई, खिड़कियां टूट गईं और नजदीकी स्कूल की छत में दरारें पड़ गईं। धमाके की गूंज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने विजयनगरम दौरे के दौरान इस घटना पर गहरा शोक जताया। उन्होंने जिला अधिकारियों को तत्काल बचाव कार्य शुरू करने और गृह मंत्री वी अनिता को मौके पर भेजने के आदेश दिए। सीएम ने विस्फोट के कारणों की जानकारी ली।
उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। श्रम मंत्री वामसेट्टी सुभाष ने 20 मौतों की पुष्टि की। दमकल वाहन और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं, घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पीवीएन माधव और वाईएसआरसीपी प्रमुख जगन मोहन रेड्डी ने भी दुख जताया तथा मुआवजा व इलाज की मांग की। यह घटना पटाखा उद्योग में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े करती है।