
बिहार की राजधानी पटना में अपराध का साया गहराता जा रहा है। आलमगंज थाना क्षेत्र के दादर मंडी में दिनदहाड़े कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक महिला PDS डीलर के घर में घुसकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। मृतका सुलेखा गुप्ता उम्र लगभग 45 वर्ष की थीं। उनके पति पन्टू गुप्ता पटना सिटी व्यवहार न्यायालय में मुंशी हैं।
जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने चाकू से सुलेखा के गले, गर्दन और दोनों हाथों पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल सुलेखा को नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज की छानबीन कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। प्रारंभिक जांच में पांच चाकू के निशान मिले हैं। इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजन सदमे में हैं।
यह घटना पटना में बढ़ते अपराधों की पोल खोल रही है। लूट, चोरी और हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। स्थानीय लोग सुरक्षित वातावरण की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है, लेकिन हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। जांच जारी है।