
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गरीबों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में एक और बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड धारकों को निःशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) शीघ्र ही 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर करेगी।
प्रदेश में कुल 13 कैंटोनमेंट अस्पताल हैं, जिनमें प्रयागराज का अस्पताल जनवरी 2026 से आयुष्मान लाभार्थियों को कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, मेडिकल-सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज दे रहा है। यहां मुफ्त ओपीडी, जांच और गंभीर मरीजों के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध है, जिसके बेहतरीन नतीजे मिले हैं।
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि इस सफलता के आधार पर लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी व बबीना के अस्पतालों को योजना से जोड़ा जाएगा। एसीईओ डॉ. पूजा यादव ने कहा कि इससे लाभार्थियों को उच्च स्तरीय विशेषज्ञ सेवाएं मिलेंगी।
गंभीर रोगियों के लिए पिक-एंड-ड्रॉप की व्यवस्था होगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को आने-जाने में कठिनाई न हो। एमओयू के बाद अस्पतालों को पोर्टल से लिंक किया जाएगा, जिससे इलाज, बिलिंग व क्लेम प्रक्रिया सुगम होगी। योगी सरकार की इस पहल से सेना के आधुनिक अस्पतालों का लाभ आमजन को मिलेगा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव कम होगा।