
टी20 विश्व कप 2026 में जोस बटलर का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है, लेकिन कप्तान हैरी ब्रूक इससे बेपरवाह हैं। उन्होंने बटलर को सफेद गेंद क्रिकेट का सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी करार दिया है। बटलर ने सात पारियों में केवल 62 रन बनाए हैं, जिसमें लगातार पांच सिंगल डिजिट स्कोर शामिल हैं।
नेपाल के खिलाफ 26 और वेस्टइंडीज के विरुद्ध 21 रनों से शुरुआत अच्छी थी, लेकिन उसके बाद स्कॉटलैंड (3), इटली (3), श्रीलंका (7), पाकिस्तान (2) और न्यूजीलैंड (0) के मुकाबलों में बल्ला खामोश रहा। आईसीसी टूर्नामेंट्स में उनकी आखिरी उम्दा पारी 2024 विश्व कप में अमेरिका के खिलाफ नाबाद 83 रन की थी।
सेमीफाइनल से पहले यह फॉर्म इंग्लैंड के लिए चिंता का विषय है, मगर ब्रूक ने कहा, ‘बटलर जैसे दिग्गज पर सवाल मत उठाओ। उनके पुराने प्रदर्शन याद करो। हर क्रिकेटर के करियर में उतार-चढ़ाव आते हैं। वह जल्द लौटेंगे।’
ब्रूक ने सेमीफाइनल में बटलर के खेलने के संकेत दिए। टी20 में बटलर का रिकॉर्ड शानदार है—154 मैचों में 4012 रन, 33.71 की औसत और 147.77 की स्ट्राइक रेट। एक शतक व 28 अर्धशतक उनके नाम हैं। 2022 विश्व कप जीताने वाली कप्तानी इसका प्रमाण है। सेमीफाइनल में इंग्लैंड को उनकी बड़ी पारी की दरकार है।