
काबुल और इस्लामाबाद के बीच बढ़ते तनाव के बीच तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान पर बड़ा हमला बोला है। कंधार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान का एक खास गुट पूरे इलाके को अस्थिर करने में जुटा हुआ है। इस बयान के दौरान उन्होंने वैश्विक शक्तियों से अपील की कि उपद्रवियों को रोकें।
मुजाहिद ने बताया कि अफगान वायुसेना ने पाकिस्तानी सैन्य केंद्रों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान शांति चाहता है और पाक के साथ कई दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन इस्लामाबाद बातचीत से मुद्दों का समाधान करने को तैयार नहीं। पाक लगातार युद्ध के बहाने खोजता है और अपने आंतरिक मामलों को अफगानिस्तान से जोड़ देता है।
पाकिस्तानी विमान अभी भी अफगान हवाई क्षेत्र में घुसपैठ कर रहे हैं। गुरुवार रात पाक ने काबुल, कंधार और पक्तिया में हवाई हमले किए, जिसमें 13 अफगान सैनिक शहीद हुए और 22 घायल हुए। जवाब में अफगान वायुसेना ने इस्लामाबाद, नौशेरा, जमरूद और एबटाबाद के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस कार्रवाई में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, 19 चौकियां और दो अड्डे कब्जे में लिए गए। अफगान पक्ष को आठ शहीद और 11 घायल हुए। नंगरहार में शरणार्थी शिविर पर पाक हमले से 13 नागरिक, जिनमें महिलाएं-बच्चे शामिल, घायल हुए। यह संघर्ष क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा बन रहा है।