
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव चरम पर पहुंच गया है। तालिबान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने शुक्रवार को बड़ा दावा किया कि अफगान वायुसेना ने इस्लामाबाद, नौशेरा, जमरूद और एबटाबाद में पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए, जिससे दुश्मन को करारा झटका लगा। ये हमले सुबह करीब 11 बजे शुरू हुए, जिसमें फैजाबाद के पास सैन्य शिविर, नौशेरा कैंटोनमेंट, जमरूद कॉलोनी और एबटाबाद को निशाना बनाया गया।
फितरत ने बताया कि यह कार्रवाई गुरुवार रात काबुल, कंधार और पक्तिया में पाकिस्तानी हवाई हमलों का जवाब थी, जिनमें अफगान नागरिक मारे गए। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, डूरंड लाइन पार करके अफगान सेनाओं ने दो पाकिस्तानी बेस और 19 चौकियों को नेस्तनाबूद कर दिया। 55 पाक सैनिक मारे गए, कई पकड़े गए, जबकि हथियार, गोला-बारूद, एक टैंक नष्ट और ट्रांसपोर्ट वाहन कब्जे में लिया गया।
चार घंटे की भारी गोलीबारी में आठ अफगान जवान शहीद हुए और 11 घायल। नंगरहार में शरणार्थी कैंप पर पाक मिसाइल से 13 लोग, जिनमें महिलाएं-बच्चे शामिल, जख्मी हो गए।
पाकिस्तान में हड़कंप मच गया। कराची समेत शहर हाई अलर्ट पर। पुलिस ने हवाई अड्डे, स्टेशन, सरकारी भवनों पर सुरक्षा कड़ी कर दी। सिंध गृहमंत्री ने पूरे प्रांत को अलर्ट किया। यह घटनाक्रम दोनों देशों के रिश्तों को नई मोड़ दे रहा है, जिससे क्षेत्रीय स्थिरता पर सवाल उठ रहे हैं।