
नई दिल्ली। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के ट्रंप प्रशासन के टैरिफ वृद्धि रद्द करने के फैसले से उत्पन्न नई परिस्थितियों में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि भारत अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापारिक समझौते में अपने आर्थिक हितों की मजबूती से रक्षा करेगा। यदि जरूरी हुआ तो समझौते में पुनर्संतुलन की कोशिश की जाएगी।
शुक्रवार को आयोजित एक मीडिया कार्यक्रम में गोयल ने कहा कि अमेरिकी टैरिफ नीतियों में हो रहे बदलावों पर भारत कड़ी नजर रखेगा। उन्होंने कहा, ‘स्थिति तेजी से बदल रही है। ट्रंप प्रशासन के पास अन्य विकल्प भी हैं, जैसे अगले सप्ताह 15 प्रतिशत तक टैरिफ बढ़ाना। हम भारत के हितों को प्राथमिकता देंगे।’
केंद्रीय मंत्री ने द्विपक्षीय संयुक्त बयान का हवाला देते हुए बताया कि बदलती परिस्थितियों में समझौते को संतुलित करने का प्रावधान है। उन्होंने अमेरिका के साथ चल रही व्यापारिक चर्चाओं का जिक्र किया और कहा कि संवेदनशील डेयरी व कृषि क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।
गोयल ने सकारात्मक नजरिए से कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत का निर्यात इस वर्ष बढ़ेगा। सुप्रीम कोर्ट फैसले के बाद दोनों देशों ने 23 फरवरी को निर्धारित तीन दिवसीय बैठक स्थगित कर दी है। नई तिथि तय होगी, जिसमें टैरिफ रद्दीकरण के प्रभावों पर विचार होगा।