
होबार्ट के निंजा क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया और भारत महिला टीम के बीच दूसरा वनडे रोमांचक अंदाज में खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने नौ विकेट खोकर 251 रन बनाए और मेजबान टीम को 252 रनों का लक्ष्य दिया।
शुरुआत शानदार रही जब स्मृति मंधाना और प्रतीका रावल ने पहले विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी की। मंधाना 37 गेंदों पर चार चौकों के साथ 31 रन बनाकर लौटीं। जेमिमा रोड्रिग्स सिर्फ 11 रन पर आउट हुईं। प्रतीका ने 52 और दीप्ति शर्मा 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। 103 रन पर चार विकेट गिरने के बाद टीम मुश्किल में फंस गई।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कमाल कर दिखाया। उन्होंने 70 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जड़कर 54 रन ठोके। आठवें विकेट पर आउट हुईं हरमन ने निचले क्रम को संभाला। अमनजोत कौर 13, ऋचा घोष 22, काश्वी गौतम 25, क्रांति गौड़ 19 रन बनाया। डेब्यू करने वाली वैष्णवी शर्मा 5 गेंदों पर 10 रन लेकर नाबाद रहीं।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से एश्ले गार्डनर ने 10 ओवर में 39 रन देकर दो, अलाना किंग ने 41 रन पर दो और एनाबेल सदरलैंड ने 37 रन पर दो विकेट लिए। मेगन स्कट और निकोला कैरी को एक-एक सफलता मिली।
पहला मैच हार चुकी भारत के पास सीरीज बराबर करने का सुनहरा मौका है। ऑस्ट्रेलिया अब 252 रनों का पीछा करेगी। क्या भारतीय गेंदबाज लक्ष्य का बचाव करेंगे?