
राष्ट्रीय राजधानी में प्रॉपर्टी धोखाधड़ी का बड़ा खुलासा हुआ है। द्वारका साउथ पुलिस ने ग्रेटर नोएडा से एक पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया, जिन पर एक ही फ्लैट को कई लोगों को बेचकर करोड़ों रुपये की चपत लगाने का आरोप है।
इस साल द्वारका साउथ थाने में धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज हुए थे। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि एक महिला ने फ्लैट बेचने के नाम पर एग्रीमेंट टू सेल साइन कराया, अग्रिम राशि ली, लेकिन न रजिस्ट्री कराई और न पैसा लौटाया। बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू हुई।
इंस्पेक्टर राजेश कुमार साह और एसीपी किशोर कुमार रेवाला के नेतृत्व में विशेष टीम बनी। इसमें एसआई नवीन यादव, एएसआई महावीर, एचसी प्रवीण यादव, एचसी भूषण और डब्ल्यूसी रूपाली देवी शामिल रहीं। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से ग्रेटर नोएडा में दबिश देकर आरोपी पकड़े गए।
गिरफ्तार नरेश कुमार सिकरी (57) और शारदा सिकरी (55) हैं। शारदा को 24 सितंबर 2025 को द्वारका कोर्ट ने फरार अपराधी घोषित किया था, उनकी जमानत याचिका खारिज हो चुकी।
पूछताछ में सामने आया कि फ्लैट बैंक में गिरवी था। सेटलमेंट के लिए पैसे जुटाने को एक ही संपत्ति कई बार बेची। ठगी राशि 2-2.5 करोड़ बताई जा रही। कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस को शक है कि पहले भी कई ठगी के मामले हैं। अन्य पीड़ितों की तलाश और वसूली जारी। आगे पूछताछ से बड़े खुलासे संभव। यह कार्रवाई संपत्ति कारोबार में व्याप्त भ्रष्टाचार पर लगाम कसेगी।