
नई दिल्ली में दिल्ली शराब नीति घोटाले के मामले में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को अदालत ने बरी कर दिया। इस फैसले के बाद केजरीवाल भावुक हो गए और आंसुओं से भर आए। सिसोदिया ने उन्हें गले लगाकर ढाढ़स बंधाया।
कोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक जमा हो गए। केजरीवाल ने कहा, ‘मैं भ्रष्ट नहीं हूं। मैंने अपनी जिंदगी में सिर्फ ईमानदारी कमाई है। कोर्ट ने साबित कर दिया कि हम कट्टर ईमानदार हैं। भाजपा वर्षों से शराब घोटाला चिल्ला रही थी, लेकिन आज सारे आरोप खारिज हो गए।’
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा, ‘पीएम मोदी और अमित शाह ने आजाद भारत का सबसे बड़ा सियासी षड्यंत्र रचा। आप के पांच प्रमुख नेताओं को जेल में ठूंस दिया। यह पूरी तरह फर्जीवाड़ा था।’
केजरीवाल ने न्यायपालिका की सराहना की, ‘सत्य की हमेशा जीत होती है। जज साहब का आभार। भगवान हमारे साथ हैं।’ देश की समस्याओं – महंगाई, बेरोजगारी, टूटी सड़कें, प्रदूषण – का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, अच्छे काम से सत्ता लो, झूठे केस मत ठोको।
सुनीता केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, ‘शिव शक्ति से ऊपर कोई नहीं। सत्य की जीत।’ यह फैसला आप को नई ताकत देगा।