
आज की व्यस्त जिंदगी में अनियमित भोजन और बैठे रहने की आदतों से मोटापा तेजी से बढ़ रहा है। खासकर पेट की चर्बी कई गंभीर बीमारियों को न्योता देती है। मोरारजी देसाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा के अनुसार, योगासन अपनाकर इस समस्या से आसानी से निजात पाई जा सकती है। कटिचक्रासन ऐसा ही एक प्रभावी आसन है जो वजन नियंत्रण में सहायक सिद्ध होता है।
यह कमर घुमाने वाला आसन पाचन को मजबूत बनाता है, अतिरिक्त कैलोरी जलाता है और पेट के अंगों को सक्रिय करता है। रोज 5-10 मिनट अभ्यास से कमर लचीली रहती है, रीढ़ मजबूत होती है और चर्बी कम होती है। आयुष मंत्रालय भी इसके फायदों पर जोर देता है, जो गर्दन-कंधों की अकड़न दूर करने में मददगार है।
करने की विधि सरल है। सीधे खड़े हों, सांस लें और हाथ आगे फैलाएं। सांस छोड़ें तो बाईं ओर मुड़ें, दायां हाथ बाएं कंधे पर रखें, बायां हाथ पीछे से दाईं कमर की ओर ले जाएं। गर्दन घुमाकर पीछे देखें, कुछ पल रुकें। फिर दाईं ओर दोहराएं।
संतुलित आहार और सक्रिय जीवनशैली के साथ इसे करें। सुबह के अभ्यास से मोटापा दूर रहता है। गर्भवती महिलाएं या बीमार व्यक्ति इससे बचें। कटिचक्रासन अपनाएं, स्वस्थ शरीर पाएं।