
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के नादिया जिले स्थित कल्याणी जेएनएम अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से गुरुवार को एक मेडिकल छात्र का सड़ा हुआ शव मिला। मृतक की पहचान अंतिम वर्ष के छात्र पुलक हलदर के रूप में हुई है, जो दक्षिण 24 परगना के मोगरहाट के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक, पुलक को अंतिम बार 20 फरवरी को हॉस्टल कैंटीन जाते देखा गया था। उसके बाद वे न तो बाहर निकले और न ही किसी ने उन्हें देखा। गुरुवार को उनके कमरे से बदबू आने लगी। अंदर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर दरवाजा तोड़ दिया गया, जहां उनका विकृत शव पड़ा मिला।
कल्याणी थाने की पुलिस तत्काल पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया। मौत का कारण अभी अस्पष्ट है। यह तय करना बाकी है कि मामला हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। परिवार को सूचना दे दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, आरजी कर मामले के विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलक को अन्य छात्रों ने कथित रूप से तंग किया था। पढ़ाई में भी परेशानी हो रही थी, लेकिन ये दावे सत्यापित नहीं हुए। छात्र की मौत से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कानून-व्यवस्था के लिए अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात है। अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक सोमज्योति बनर्जी ने कहा, ‘छात्र दरवाजा नहीं खोल रहे थे। पुलिस बुलाई गई, जिन्होंने तोड़कर शव बरामद किया। पोस्टमॉर्टम से स्पष्ट होगा।’ अन्य छात्रों ने बताया कि पुलक अकेले रहते थे।
यह घटना मेडिकल छात्रों की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाती है।