
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में गुरुवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भारत एआई समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित इस वैश्विक कार्यक्रम में हुई अशोभनीय हरकतों से देश की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
बजट सत्र के दौरान सीएम ने जोर देकर कहा कि एआई का युग चल रहा है। इसी कड़ी में गुरुग्राम व पंचकूला में दो एआई हब स्थापित करने की योजना पर काम तेज है। ऐसे में विपक्षी दलों की ऐसी बाधा बेहद अफसोसजनक है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना से राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हो रही हैं। 2694 उपचार पैकेज उपलब्ध हैं, जिनमें सर्जरी से लेकर जांच तक शामिल हैं। 20 फरवरी तक 1.38 करोड़ कार्ड सक्रिय हो चुके हैं। नवंबर 2022 से अब तक 14.28 लाख इलाज हुए, जिस पर 2010 करोड़ से ज्यादा खर्च किए गए।
जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा ने सीएम के ‘हर घर नल का जल’ अभियान की प्रगति बताई। झज्जर की 25 कॉलोनियों में जल आपूर्ति योजनाएं तैयार हैं। नौ गांवों व शहर में नहर आधारित पानी पहुंच रहा है।
विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने महाग्राम योजना का जिक्र किया, जिसमें 10 हजार से अधिक आबादी वाले गांवों को शहरी सुविधाएं दी जा रही हैं। जुलाना-शादीपुर में जलभराव के लिए अंतरविभागीय समिति गठित की गई है।