
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को सपाट प्रदर्शन के साथ कारोबार समाप्त किया। सेंसेक्स 27.46 अंकों की हल्की गिरावट के साथ 82,248.61 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 14.05 अंकों की मामूनी बढ़त लेकर 25,496.55 के स्तर पर समाप्त हुआ।
बाजार को गिरावट से बचाने का श्रेय डिफेंस और हेल्थकेयर क्षेत्रों को जाता है। निफ्टी इंडिया डिफेंस में 1.48 प्रतिशत की तेजी आई, तो निफ्टी हेल्थकेयर 1.24 प्रतिशत चढ़ा। निफ्टी फार्मा 1.08 प्रतिशत, पीएसयू बैंक 0.95 प्रतिशत, ऑयल एंड गैस 0.87 प्रतिशत, ऑटो 0.80 प्रतिशत, इंडिया मैन्युफैक्चरिंग 0.78 प्रतिशत, मेटल 0.39 प्रतिशत और इन्फ्रा 0.32 प्रतिशत ऊपर बंद हुए।
वहीं, निफ्टी मीडिया 0.68 प्रतिशत, एफएमसीजी 0.16 प्रतिशत, फाइनेंशियल सर्विसेज 0.11 प्रतिशत और सर्विसेज 0.06 प्रतिशत लाल निशान में रहे।
मिडकैप और स्मॉलकैप में भी मिश्रित रुझान दिखा। निफ्टी मिडकैप 100 सूचकांक 392.05 अंकों या 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,798.15 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 एक अंक की गिरावट पर 17,117.65 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के प्रमुख लाभकर्ता बीईएल, अदाणी पोर्ट्स, सनफार्मा, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, एसबीआई, टीसीएस, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, एचयूएल, टाइटन और टेक महिंद्रा रहे। ट्रेंट, इटरनल, पावरग्रिड, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, आईटीसी, बजाज फिनसर्व, टीएंडटी, एचसीएल टेक और एमएंडएम नुकसान में रहे।
एसबीआई सिक्योरिटीज के सुदीप शाह ने कहा कि निफ्टी ने संकुचित रेंज में कारोबार किया और ज्यादातर निचले स्तरों पर रहा, जो निवेशकों की सतर्कता दर्शाता है। निफ्टी के लिए तत्काल प्रतिरोध 25,630-25,660 है, जहां से 25,800 तक जा सकता है। समर्थन 25,380-25,350 पर है।
वैश्विक संकेतों और आगामी आंकड़ों के बीच डिफेंस क्षेत्र की मजबूती निवेशकों का ध्यान खींच रही है।