
तिराना में आयोजित यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग रैंकिंग सीरीज के मुहामेट मालो 2026 टूर्नामेंट में भारत के उभरते कुश्ती सितारे सुजीत कलकल ने पुरुष 65 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। 23 वर्षीय अंडर-23 विश्व चैंपियन ने फाइनल में अजरबैजान के राशिद बाबाजादे को 10-0 से करारी शिकस्त दी।
सुजीत का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में लाजवाब रहा। उन्होंने शुरुआती बाउट में अल्बानिया के एंड्रियो अवदली पर 16-4 की शानदार जीत दर्ज की, भले ही मुकाबले की शुरुआत में चार अंक गंवा दिए थे। क्वार्टर फाइनल में जॉर्जिया के नीका जकाशविली को 10-0 से धूल चटाई। सेमीफाइनल में अमेरिका के दो बार के पैन अमेरिकन चैंपियन जोसेफ मैककेना को 11-0 से परास्त किया।
इस महीने की शुरुआत में क्रोएशिया के जाग्रेब ओपन जीतने के बाद यह रैंकिंग सीरीज में उनका लगातार दूसरा सोना है। कुल मिलाकर सुजीत का यह रेसलिंग सर्किट में चौथा स्वर्ण पदक है। इससे पहले 2022 जैहैर शघायर और 2025 पोलाक इमरे व वर्गा जानोस मेमोरियल में उन्होंने शीर्ष स्थान हासिल किया था।
राशिद ने सेमीफाइनल में अमेरिका के विटाली अरुजाउ को 16-13 से हराया था, लेकिन फाइनल में सुजीत के सामने टिक न सके। उसी वर्ग में भारत के मोहित कुमार क्वालीफायर से आगे नहीं बढ़ सके। 57 किग्रा में अंकुश और आतिश टोडकर रेपेचेज में कांस्य से चूक गए। सुमित, राहुल, सिद्धार्थ, परविंदर व आर्यन भी मेडल राउंड तक नहीं पहुंचे। भारत ने सभी वर्गों में 48 सदस्यीय दल भेजा था।