
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने समर्थकों से भावुक अपील की है कि 5 मार्च को उनके जन्मदिन पर पारंपरिक उपहारों की बजाय एक पेड़ अवश्य लगाएं और उसकी तस्वीर उन्हें प्रेषित करें। एक्स प्लेटफॉर्म पर वीडियो संदेश जारी करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन का सच्चा उद्देश्य अच्छे कार्यों से ही सार्थक होता है। पर्यावरण संरक्षण उनके जीवन का पवित्र लक्ष्य है, इसलिए वे पिछले पांच वर्षों से प्रतिदिन पौधा रोप रहे हैं।
चौहान ने कार्यकर्ताओं से होर्डिंग लगाने, शॉल-श्रीफल लाने की बजाय वृक्षारोपण को प्राथमिकता देने को कहा। ‘फूलमाला, स्मृतिचिन्ह कुछ न लाएं, बस एक पेड़ लगाएं और फोटो भेजें। मेरा जन्मदिन सार्थक हो जाएगा।’ उन्होंने पेड़ों की महत्ता बताते हुए कहा कि ये मानव जीवन का आधार हैं, जीव-जंतुओं के लिए आश्रय और भोजन, तथा पृथ्वी की शोभा। वृक्षारोपण ही सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य है। उन्होंने सभी से अपने जन्मदिन पर भी यह परंपरा अपनाने का आह्वान किया।
एआई समिट में यूथ कांग्रेस के हंगामे पर प्रतिक्रिया देते हुए चौहान ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में कृषि समझौते किसानों के हित में हैं। विपक्ष गलतफहमियां फैला रहा है। प्रदर्शनकारियों द्वारा कपड़े उतारना भारत माता का अपमान है।