
चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण का रोमांचक मुकाबला भारत और जिम्बाब्वे के बीच गुरुवार शाम 7 बजे शुरू होगा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों की करारी हार के बाद टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल का सपना बचाए रखना अब जिम्बाब्वे पर भारी जीत के बिना मुमकिन नहीं।
भारतीय बल्लेबाजी इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है। अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह अपनी फॉर्म से कोसों दूर हैं। ऐसे में प्लेइंग इलेवन में बदलाव तय है, और संजू सैमसन को मौका मिलने की पूरी संभावना है। वे ओपनिंग भी कर सकते हैं या मध्यक्रम संभाल सकते हैं।
विश्व कप में सैमसन को अब तक सिर्फ नामीबिया के खिलाफ एक मैच खेलने को मिला, जिसमें उन्होंने 8 गेंदों पर 22 रन ठोके। जिम्बाब्वे के खिलाफ यह मैच उनके लिए खास है, क्योंकि 2015 में इसी टीम के विरुद्ध उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। 11 साल बाद किस्मत फिर वही मौका दे रही है।
अगर संजू ने यहां धमाकेदार पारी खेली, तो न सिर्फ उनकी जगह पक्की हो जाएगी, बल्कि टीम इंडिया का सेमीफाइनल का रास्ता भी साफ हो सकता है। उनके नाम 58 टी20 मैचों में 50 पारियों से 1100 रन हैं, जिनमें 3 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। पूरी नजरें सैमसन पर टिकी हैं।