
मुंबई। संगीतकार और गायक दर्शन रावल ने अपना नया प्रेम गीत ‘साथिया’ बुधवार को वॉर्नर म्यूजिक इंडिया के यूट्यूब चैनल पर रिलीज कर दिया। यह गाना प्यार की सहजता और गहराई को सरल धुन में पिरोकर सुनने वालों के दिलों को छू रहा है।
रिलीज से ठीक पहले वडोदरा के एक लाइव कॉन्सर्ट में दर्शन ने इसे पहली बार पेश किया, जहां दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। दर्शन ने खुद इसके बोल लिखे, संगीत दिया और अपनी मधुर आवाज में गाया। अनमोल डेनियल ने प्रोडक्शन संभाला, तो हनीश तनेजा ने मिक्सिंग-मास्टरिंग की कमान थामी।
यह ट्रैक दर्शन की भावुक गायकी, सच्चे भावों वाले शब्दों और शांतिपूर्ण संगीत का अनोखा संगम है। रोमांस को नया आयाम देने वाला यह गीत प्रेमियों के साथ-साथ हर उस शख्स के लिए है जो सुकून की तलाश में है।
‘बनके हवा मैं’, ‘नफरत’, ‘बेखुदी’ जैसे सुपरहिट गानों से लाखों फैंस कमाने वाले दर्शन ने कहा, “साथिया मेरे लिए बेहद स्पेशल है। यह वो एहसास है जो खामोशी में साथ निभाता है। बिना शोर-शराबे के प्यार का असली रूप। सुनने पर लगता है प्रेम बस पास ही है। यह एक सुंदर अनुभूति है।”
‘साथिया’ जल्द ही चार्ट्स पर धूम मचाने को तैयार है, जो दर्शन की रोमांटिक दुनिया को और मजबूत करेगा।