
चंडीगढ़। हरियाणा में मनरेगा योजना खत्म करने और 14 लाख बीपीएल कार्ड काटने के खिलाफ कांग्रेस का प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को रोकने पर सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सत्ता और विपक्ष में मतभेद लोकतंत्र का आभूषण है, लेकिन यह सरकार विरोध के अधिकार को कुचल रही है।
फरीदाबाद, हिसार, महेंद्रगढ़, करनाल, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, पलवल और अंबाला जैसे जिलों में जिला अध्यक्षों व नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया गया। इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर चार दिनों की रिमांड पर भेजना लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है। हुड्डा ने 22 वर्षों के संसदीय अनुभव के आधार पर कहा कि कभी नोटिस चस्पाकर प्रदर्शन की अनुमति नहीं रोकी गई।
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने एक्स पर लिखा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन दबाना बीजेपी का डर दर्शाता है। जनता के सवालों से भागकर कार्यकर्ताओं को घरों में कैद करना असंवैधानिक है। विचारों को जेल नहीं हो सकती। हम संविधान की ताकत से जनहित की लड़ाई लड़ते रहेंगे। यह घटना राज्य की राजनीति में तनाव बढ़ाने वाली है।