
पटना, 25 फरवरी। बिहार की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने एक बार फिर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में अब अपराधियों का ही राज कायम हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार पर भारी आरोप लगाते हुए तेजस्वी ने पटना में पत्रकारों से कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
अपराधी दिनोंदिन बेलगाम हो रहे हैं। हत्याएं, बलात्कार और फायरिंग जैसी घटनाएं रोजाना सामने आ रही हैं। तेजस्वी ने कहा कि सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है, जिससे राज्य में अराजकता का माहौल है। दो उपमुख्यमंत्री होने के बावजूद कोई जिम्मेदारी नहीं ले रहा।
नीतीश कुमार के स्वास्थ्य पर कटाक्ष करते हुए तेजस्वी बोले कि सीएम इतने कमजोर हो गए हैं कि उन्हें बिहार की स्थिति का पता ही नहीं। गृह विभाग भाजपा को सौंप दिया गया है, इसलिए हालात बेकाबू हैं।
एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि अपराध मिटाने का दावा करने वालों को पहले आईना देखना चाहिए। अमित शाह का सीमांचल दौरा बंगाल चुनाव से जुड़ा है, बिहार से नहीं। बढ़ते अपराध के बीच तेजस्वी का यह बयान राजनीतिक तापमान बढ़ा रहा है।